बीकानेर। शादी के महज 13 दिन बाद दुल्हन के लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने इसे सुनियोजित धोखाधड़ी बताते हुए कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कराया है। घटना श्रीगंगानगर जिले के राजियासर क्षेत्र से जुड़ी है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार विवाह के लिए गांव के राकेश कुमार के माध्यम से ढोलनगर निवासी विमला से संपर्क हुआ था। विमला ने अपनी भतीजी मनदीप उर्फ बाणी का रिश्ता बताया। इसके बाद 9 मार्च 2026 को हनुमानगढ़ स्थित गुरुद्वारा साहिब में गुरप्रीत और मनदीप का विवाह कराया गया।
शादी के दौरान परिवार की ओर से सोने-चांदी के जेवरात, 1 लाख 10 हजार रुपए नकद और बिचौलिए को 15 हजार रुपए दिए गए। विवाह के बाद दुल्हन ससुराल में रहने लगी, लेकिन 13 दिन बाद 22 मार्च को विमला और कालासिंह फिर से गुरप्रीत के घर पहुंचे और मनदीप की मां की तबीयत खराब होने का हवाला देकर इलाज के लिए 50 हजार रुपए ले गए।
जब बाद में गुरप्रीत पत्नी को वापस लाने पहुंचा तो उसे टाल दिया गया। कुछ समय बाद फोन पर बताया गया कि मनदीप घर से भाग गई है। आरोप है कि तलाश के नाम पर परिवार से 35 हजार रुपए और वसूले गए। जब पीड़ित ने और पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
- Advertisement -
मामले में कोर्ट के आदेश पर राजियासर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
