महाजन। भीषण गर्मी और बढ़ती पेयजल जरूरतों के बीच जलदाय विभाग ने पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। नहर में पानी की आवक बढ़ने के साथ ही विभाग सक्रिय हो गया है और व्यर्थ पानी बहाने वाले लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
जलदाय विभाग के स्थानीय कनिष्ठ अभियंता दीपक मीणा ने बताया कि कस्बे और आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन कई लोग पानी का दुरुपयोग कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान करीब 8 से 10 लोगों को घरों और दुकानों के आगे छिड़काव करते तथा पानी व्यर्थ बहाते पाए जाने पर मौके पर ही नोटिस दिए गए।
इसके अलावा लगभग 25 से 26 ऐसे लोगों को भी चेतावनी दी गई, जिनके घरों में नलों पर टोंटियां नहीं लगी थीं और पानी लगातार बह रहा था। विभाग ने उन्हें तुरंत सुधार करने और भविष्य में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी है।
जलदाय विभाग लगातार लोगों से पानी बचाने, पेयजल से सब्जियां नहीं उगाने और अनावश्यक छिड़काव से बचने की अपील कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अभी से सावधानी नहीं बरती गई तो आने वाले समय में पेयजल संकट गहरा सकता है। विभाग की अचानक सख्ती के बाद क्षेत्र के लोग भी सतर्क हो गए हैं।
