बीछवाल क्षेत्र के एक खेत में देर रात बाइक पर पहुंचे तीन युवकों ने कुएं से केबल काटकर चोरी कर ली। घटना रोही 489 आरडी स्थित विश्वजीतसिंह हरासर के खेत की है, जहां काश्तकार मनोहरलाल नायक अपने परिवार के साथ रहता है।
सोमवार रात करीब एक बजे आरोपी खेत में पहुंचे और कुएं की केबल चोरी कर फरार हो गए। कुछ देर बाद खेत में मौजूद लोगों को घटना का पता चला। काश्तकार और ग्रामीणों ने बाइक के टायरों और पैरों के निशानों के आधार पर आरोपियों का पीछा किया।
करीब तीन बजे वन विभाग की जमीन पर बने बॉयोलॉजिकल पार्क के पास तीनों युवक बाइक सहित दिखाई दिए। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और बीछवाल थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
मनोहरलाल नायक की रिपोर्ट पर पुलिस ने राकेश, विनय और नीरज के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी गौरव सारस्वत के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
- Advertisement -
जांच में सामने आया कि चोरी से पहले आरोपी शाम के समय खेत के आसपास रेकी कर रहे थे। खेत के पास बार-बार घूमने पर जब काश्तकार के पिता ने उन्हें टोका, तो युवकों ने रास्ता भटकने की बात कही। बाद में रात में लौटकर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
