भीषण गर्मी और लंबे समय से जारी पेयजल संकट के बीच बीकानेरवासियों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। मंगलवार देर रात करीब एक बजे इंदिरा गांधी नहर का मीठा पानी बीछवाल जलाशय तक पहुंच गया। इसके साथ ही शहर में कई दिनों से बनी पानी की किल्लत अब खत्म होने की ओर बढ़ गई है।
जलदाय विभाग के अनुसार बीछवाल जलाशय में फिलहाल केवल 20 से 30 एमएलडी पानी शेष था, जबकि बुधवार को करीब 40 एमएलडी पानी की सप्लाई की जानी है। नहर का पानी पहुंचने के बाद विभाग को पर्याप्त बैकअप मिल गया है। बुधवार सुबह कुछ पानी सीधे नहर से लिफ्ट किया जाएगा और कुछ जलाशय के स्टॉक के साथ मिलाकर सप्लाई दी जाएगी।
बीछवाल सिस्टम से जुड़े क्षेत्रों में बुधवार तक पानी की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है, जबकि गुरुवार से शहर की जलापूर्ति पूरी तरह सामान्य होने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि प्रशासन ने लोगों से पानी की बचत करने की अपील भी की है। विभाग का कहना है कि संकट कम जरूर हुआ है, लेकिन भीषण गर्मी के दौरान शहर के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचाना अब भी बड़ी चुनौती बना रहेगा।
- Advertisement -
उम्मीद की जा रही है कि 22 मई से नहरबंदी पूरी तरह समाप्त हो जाएगी और इसके बाद शहर में नियमित जलापूर्ति शुरू हो सकेगी।
