बीकानेर में साहित्य, शिक्षा और रंगकर्म से जुड़ी प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रज्ञालय संस्थान एवं श्रीमती कमला देवी-लक्ष्मीनारायण रंगा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में तीसरा राज्य स्तरीय लक्ष्मीनारायण रंगा प्रज्ञा सम्मान समारोह-2026 आयोजित किया जाएगा। यह समारोह 22 मई 2026, शुक्रवार को शाम 6 बजे नागरी भण्डार स्थित नरेन्द्र सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ साहित्यकार कमल रंगा ने बताया कि यह आयोजन देश के ख्यातनाम साहित्यकार, चिंतक, रंगकर्मी, अनुवादक एवं शिक्षाविद् कीर्तिशेष लक्ष्मीनारायण रंगा की स्मृति में आयोजित ‘सृजन सौरभ-हमारे बाऊजी’ श्रृंखला के अंतर्गत किया जा रहा है। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास) बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास होंगे।
संस्था के प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् राजेश रंगा ने जानकारी दी कि इस वर्ष साहित्य के क्षेत्र में राजस्थानी एवं हिन्दी भाषा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सत्यनारायण सोनी परलीका, हनुमानगढ़ को लक्ष्मीनारायण रंगा प्रज्ञा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए कृषि विश्वविद्यालय कोटा की कुलगुरु डॉ. विमला डुकवाल को सम्मान प्रदान किया जाएगा। रंगकर्म के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाने वाले वरिष्ठ रंगकर्मी एवं फिल्म अभिनेता विजय सिंह राठौड़ को भी इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
- Advertisement -
संस्था के प्रतिनिधि वरिष्ठ शायर क़ासिम बीकानेरी एवं गिरिराज पारीक ने बताया कि इससे पूर्व यह सम्मान साहित्य, शिक्षा और रंगकर्म के क्षेत्र में डॉ. भरत ओळा, श्याम जांगिड़, डॉ. उमाकांत गुप्त, डॉ. मदन सैनी, प्रदीप भटनागर एवं रामसहाय हर्ष जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों को प्रदान किया जा चुका है।
वरिष्ठ शिक्षाविद् हरिनारायण आचार्य ने बताया कि समारोह में लक्ष्मीनारायण रंगा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ कथाकार एवं व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा अपने विचार व्यक्त करेंगे।
यह समारोह साहित्य, शिक्षा और संस्कृति से जुड़े लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा तथा शहर के साहित्य प्रेमियों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
