बीकानेर शहर में टूटी सड़कों और खतरनाक खड्डों की समस्या लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। खासकर उन स्थानों पर जहां रोजाना भारी संख्या में वाहन चालकों और राहगीरों की आवाजाही रहती है, वहां हादसों का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। ऐसा ही मामला बीकानेर के पब्लिक पार्क स्थित जूनागढ़ के सामने बने गेट के पास सामने आया, जहां लंबे समय से बड़े-बड़े खड्डे बने हुए थे।
इन खड्डों के कारण आए दिन बाइक सवारों के गिरने और चोटिल होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों में भी इस स्थिति को लेकर काफी नाराजगी थी। इसके अलावा गेट के टूटने के बाद लोहे का एक एंगल करीब एक फुट तक सड़क की तरफ बाहर निकला हुआ था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।
जनहित से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को खुलास न्यूज ने प्रमुखता से उठाया। समाचार को वीडियो सहित प्रसारित किया गया, जिसके बाद बीडीए प्रशासन तुरंत हरकत में आया। बुधवार दोपहर अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में मौके पर कार्रवाई की गई।
प्रशासन की टीम ने सड़क पर बाहर निकले लोहे के एंगल को आरी से काटकर हटाया और खतरनाक खड्डों को भरवाने का काम भी शुरू करवाया। इससे क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को काफी राहत मिली है।
- Advertisement -
बीडीए अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल खड्डों को अस्थायी रूप से भरवाया गया है, क्योंकि संबंधित गेट का नवनिर्माण कार्य प्रस्तावित है। अधिकारियों के अनुसार इस गेट के पुनर्निर्माण पर करीब 51 लाख रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है, लेकिन साथ ही शहर की अन्य जर्जर सड़कों और खतरनाक स्थानों पर भी जल्द स्थायी समाधान की मांग उठाई है।
