बीकानेर में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू-तापघात की आशंकाओं को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाए रखने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी कड़ी में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार जैन और ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक ऋषि कल्ला ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किलचू और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केसर देसर जाटान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पतालों में गर्मी और हीटवेव से निपटने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डॉ. सुनील जैन ने चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में कूलर, पंखे, शीतल पेयजल और आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में मौसमी बीमारियों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए। विभाग का उद्देश्य डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों के खतरे को समय रहते नियंत्रित करना है।
औचक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केसर देसर जाटान में संस्थागत प्रसव की संख्या कम मिलने पर खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने चिकित्सा स्टाफ को निर्देशित किया कि संभावित प्रसव वाली गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार की जाए और एएनएम व आशा सहयोगिनियों के माध्यम से उनसे लगातार संपर्क रखा जाए। महिलाओं को अस्पताल में सुरक्षित प्रसव के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया ताकि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रह सकें।
- Advertisement -
बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित स्टाफ को सभी लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान किलचू प्रभारी डॉ. मोहित सोनी, केसर देसर जाटान प्रभारी डॉ. शिवानी रंगा सहित नर्सिंग अधिकारी, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। डॉ. जैन ने सभी कर्मचारियों को मुख्यालय पर नियमित रूप से उपस्थित रहकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश दिए।
