बीकानेर जिले के नोखा कस्बे में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) शाखा में करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंक की सॉफ्टवेयर खामी का फायदा उठाकर निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक राशि का लेनदेन करने का आरोप है।
नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज के अनुसार, सांडवा थाना क्षेत्र के नंबासर निवासी अमृतलाल जाट के नाम से नोखा स्थित एसबीआई शाखा में मैसर्स श्री बालाजी एग्रो इंडस्ट्रीज का सीसी लिमिट खाता संचालित था। बैंक की ओर से फर्म को 45 लाख रुपये की नकद साख सीमा स्वीकृत की गई थी, जिसका अंतिम नवीनीकरण 16 मई 2024 को किया गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी खामी का फायदा उठाते हुए करीब 6 करोड़ 60 लाख रुपये का लेनदेन कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने विभिन्न फर्मों के खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर की, जिससे बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अमृतलाल जाट नंबा ग्राम पंचायत में सरपंच प्रतिनिधि के रूप में प्रभावशाली भूमिका निभाता है। वर्तमान में उसका पुत्र ग्राम पंचायत का सरपंच है, जबकि उसकी पत्नी भी पूर्व में सरपंच रह चुकी है। क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक और सामाजिक पकड़ होने के कारण आरोपी का प्रभाव भी काफी बताया जा रहा है।
- Advertisement -
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस धोखाधड़ी में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।
इस कार्रवाई में एएसआई ताराचंद, कांस्टेबल तेजाराम, रामेश्वर धुंधवाल और गणेश गुर्जर की विशेष भूमिका रही। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
