बीकानेर संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल सहित सभी संबद्ध सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज प्रशासन अब डिजिटल हेल्थ सेवाओं को और मजबूत करते हुए इंटीग्रेटेड हेल्थ मैनेजमेंट सिस्टम (आईएचएमएस) पोर्टल के डॉक्टर और लैब मॉड्यूल को पूरी तरह सक्रिय करने जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर उपलब्ध होगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस सिस्टम के जरिए रोजाना होने वाली 10 हजार से अधिक जांचों की रिपोर्ट ऑनलाइन जारी की जाएगी। मरीज घर बैठे अपने मोबाइल फोन पर रिपोर्ट देख सकेंगे। इससे अस्पतालों में लगने वाली लंबी कतारों और भीड़ में भी कमी आने की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से अस्पतालों की लैब मशीनों को ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ने का काम अंतिम चरण में बताया गया है। टीएसई इंजीनियर जयपुर की तकनीकी टीम के साथ इस प्रक्रिया को पूरा करने में जुटे हुए हैं। डीडी आईटी पंकज छीपा और एसीपी पूर्णिमा गोयल ने बताया कि तकनीकी स्तर पर कुछ दिक्कतें सामने आई हैं, जिन्हें जल्द दूर कर लिया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि यह डिजिटल व्यवस्था मरीजों और चिकित्सा स्टाफ दोनों के लिए गेमचेंजर साबित होगी। इससे रिपोर्ट वितरण की प्रक्रिया तेज होगी और अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।
- Advertisement -
मरीजों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव
सरकारी अस्पतालों में वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक ओपीडी कार्य ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है। अब ऑफलाइन पर्चियों की व्यवस्था पूरी तरह बंद कर शत-प्रतिशत डिजिटल सिस्टम लागू करने की तैयारी है।
पीबीएम अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग में डॉक्टर मॉड्यूल के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके साथ ही जल्द ही एसएसबी अस्पताल, जिला अस्पताल और गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल में भी डॉक्टर मॉड्यूल का विस्तार किया जाएगा।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पीबीएम अस्पताल में पूछताछ केंद्र के पास नया बिलिंग काउंटर बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। वहीं लैब मॉड्यूल को बिना किसी रुकावट संचालित करने के लिए आठ नए कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति की जाएगी।
