बीकानेर के प्रसिद्ध आस्था स्थल श्री कोडमदेसर भैरव मंदिर परिसर स्थित ऐतिहासिक तालाब के जीर्णोद्धार और सफाई अभियान की शुरुआत रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। कम्यूनिटी वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में शुरू हुए इस अभियान में बड़ी संख्या में भैरव भक्तों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
अभियान का शुभारम्भ राष्ट्रीय संत Sarjudas Ji Maharaj, पंडित जुगलकिशोर ओझा और पंडित राजेंद्र किराड़ू के सान्निध्य में हुआ। कार्यक्रम के दौरान भैरवनाथ बाबा के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी राजेश चूरा, कोडमदेसर भैरव मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष जेठाराम गहलोत और पुजारी त्रिलोक गहलोत मौजूद रहे। कम्यूनिटी वेलफेयर सोसायटी के संरक्षक राजकुमार किराड़ू ने कहा कि यह केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण को बचाने का सामूहिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि सदियों पुराने इस तालाब से हजारों श्रद्धालुओं और पशु-पक्षियों की आस्था जुड़ी हुई है।
अभियान के दौरान तालाब परिसर का निरीक्षण कर इसके संरक्षण और विकास को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई। डॉ. कन्हैया कच्छावा ने कहा कि यह तालाब बीकानेर की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है और इसे सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। वहीं उमा सुथार ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए विरासत और धरोहर को बचाना समाज का दायित्व है।
- Advertisement -
सोसायटी अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि तालाब के सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण पर लगभग 35 से 40 लाख रुपये खर्च होने की संभावना है। योजना के तहत तालाब की दीवारों का पुनर्निर्माण, आकर्षक लाइटिंग, पिलर और अन्य विकास कार्य किए जाएंगे ताकि तालाब का स्वरूप और अधिक सुंदर बनाया जा सके।
अभियान के पहले ही दिन श्रद्धालुओं और भामाशाहों ने खुलकर सहयोग दिया। अब तक करीब 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो चुकी है। पंडित जुगलकिशोर ओझा, आसुराम गहलोत, सेवाराम गहलोत, भगवान गहलोत, डॉ. राधाकृष्ण आर्य, कैलाश पारीक, विकास जावा और दीनदयाल गहलोत सहित कई श्रद्धालुओं ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
विशेष बात यह रही कि जयश्री भैरुनाथ ग्रुप के युवाओं ने पिछले रविवार से ही सफाई अभियान शुरू कर दिया था। ग्रुप की ओर से 51 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की गई है। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।
