बीकानेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत मांगने के आरोप में मुक्ताप्रसाद नगर थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी हेड कांस्टेबल पर एक प्रकरण में एफआर लगाने और कार्रवाई से राहत देने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार परिवादी रोहित पंवार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके खिलाफ मुक्ताप्रसाद नगर थाने में दर्ज मामले में राहत देने के लिए हेड कांस्टेबल रामकुमार लगातार रुपए की मांग कर रहा था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने कार्रवाई नहीं करने और एफआर लगाने के बदले 50 हजार रुपए मांगे थे।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन शुरू किया। पुलिस निरीक्षक आनंद मिश्रा के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान परिवादी और आरोपी के बीच हुई बातचीत के ऑडियो रिकॉर्ड भी जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने पर एसीबी ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी हेड कांस्टेबल ने परिवादी को कई बार थाने बुलाकर मानसिक दबाव बनाया और मामले में मदद करने के बदले पैसे मांगे। परिवादी के अनुसार आरोपी ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि यदि काम करवाना है तो पैसे देने होंगे, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में तकनीकी साक्ष्य, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजी प्रमाण एकत्र किए गए हैं। फिलहाल मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक पिंकी गंगवाल को सौंपी गई है। एसीबी अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
