बीकानेर जिले में रविवार रात एक दर्दनाक रेल हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। लूणकरणसर और नाथवाना रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक की जान चली गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने पर सामाजिक संस्था टाइगर फोर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेलवे ट्रैक के आसपास सर्च अभियान चलाया गया।
सर्च अभियान के दौरान रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 236 के पास झाड़ियों में एक शव पड़ा मिला। शव रेलवे लाइन से कुछ दूरी पर मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति चलती ट्रेन से गिरा होगा।
मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर राधेश्याम भाटी पुत्र नेमीचंद भाटी निवासी अथूना बास, राजलदेसर जिला चूरू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया।
- Advertisement -
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लूणकरणसर उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक किस ट्रेन से गिरा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की सूचना रेलवे पुलिस को दे दी गई है। अब पूरे मामले की जांच रेलवे पुलिस द्वारा की जाएगी। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
