पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी रविवार को बीकानेर दौरे पर रहेंगे। वह सुबह 10 बजे भाजपा संभाग मुख्यालय में आयोजित किसान मोर्चा की बैठक में भाग लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि बैठक में किसान हितों, संगठनात्मक गतिविधियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम को लेकर भाजपा किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी के अनुसार किसान मोर्चा देहात जिलाध्यक्ष भंवर जांगिड़ और शहर जिलाध्यक्ष चंद्र मोहन जोशी स्वागत एवं बैठक की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
दोनों जिलाध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है। बैठक में बड़ी संख्या में किसान मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
