मरुशहर बीकानेर को स्मार्ट और हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। बीकानेर स्मार्ट क्लीन एंड ग्रीन ईको सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर में विभिन्न विकास कार्यों की डीपीआर तैयार की जा रही है। जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड और पीडीकोर की संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों का खाका तैयार किया।
टीम ने परकोटा के पांचों गेट, फूलनाग बगेची, मरुनायक चौक, रतन बिहारी पार्क, हर्षोल्लाव व संसोलाव तालाब, बीकाजी टेकरी, रामपुरिया हवेली, हेरिटेज रूट और करणी सिंह स्टेडियम सहित कई स्थानों का दौरा किया। इसके अलावा जूनागढ़ से आईटीआई तक लाइट हाउस रूट का भी निरीक्षण किया गया।
शहर में पहले ही स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट और नाइट टूरिज्म प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है। अब स्मार्ट और हेरिटेज सिटी प्रोजेक्ट के तहत करीब 80 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों से शहर में सौंदर्यीकरण, बेहतर सुविधाएं और गंदे पानी की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही सड़कें सोलर स्मार्ट तकनीक और वाई-फाई पोल्स से लैस होंगी।
