सादुलपुर क्षेत्र में रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक शिक्षक से 30 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना अधिकारी राजेश सिहाग के अनुसार, राघा बड़ी निवासी शिक्षक मानसिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। मानसिंह वर्ष 2015 से चैनपुरा छोटा में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। शिकायत में बताया गया कि उनकी पहचान चैनपुरा छोटा निवासी सुरेश कुमार बिश्नोई से हुई थी। जुलाई 2023 में सुरेश ने उनकी मुलाकात कुलोठ खुर्द निवासी रोहताश कुमार से करवाई और दावा किया कि वह रेलवे में नौकरी लगवा सकता है।
आरोपियों ने मानसिंह के बेटे ललित और कालरी निवासी सत्यवीर सिंह के बेटे मोहित को स्टेशन मास्टर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बदले दोनों से 15-15 लाख रुपए मांगे गए। इसके बाद पीड़ित ने युवकों के दस्तावेज आरोपियों को सौंप दिए और कुल 30 लाख रुपए देने पर सहमति बनी।
रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त 2023 से जुलाई 2024 के बीच आरोपियों के खातों में करीब 21.85 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए, जबकि 8.15 लाख रुपए नकद दिए गए। इस लेनदेन में कालरी निवासी सत्यवीर सिंह ने भी 15 लाख रुपए फोन-पे के जरिए मानसिंह के खाते में भेजे थे, जिन्हें बाद में आरोपियों को सौंप दिया गया।
- Advertisement -
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी लंबे समय तक नौकरी लगवाने का भरोसा देते रहे। शक होने पर 13 अप्रैल 2024 को मानसिंह अपने साथियों के साथ कुलोठ खुर्द स्थित आरोपी के घर पहुंचे। मामले में पुलिस जांच जारी है।
