बीकानेर में व्यापार और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में प्रस्तावित “इनलैंड कंटेनर डिपो” यानी ड्राईपोर्ट परियोजना के लिए अब जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने जोड़बीड़ आवासीय योजना के पास रीको को 65.09 हेक्टेेयर भूमि देने के आदेश जारी किए हैं। नगरीय विकास विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद बीडीए सचिव ने राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड को विस्तृत आवंटन पत्र भेज दिया है।
भूमि आवंटन नीति-2025 के तहत खसरा नंबर 11, 12, 13 और 14 में यह जमीन चिन्हित की गई है। रीको के मैनेजर सुरेंद्र शर्मा के अनुसार, भूमि आवंटन पत्र प्राप्त हो चुका है और अब बजट स्वीकृति के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है।
बीकानेर में लंबे समय से ड्राईपोर्ट की मांग की जा रही थी, क्योंकि इससे औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। पहले गजनेर और नाल क्षेत्र में भी संभावित स्थानों पर विचार किया गया था। ड्राईपोर्ट बनने के बाद स्थानीय उद्योगों और व्यापारियों को माल के आयात-निर्यात में सुविधा मिलेगी, जिससे परिवहन खर्च कम होगा और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
आवंटन की शर्तों के अनुसार, रीको को निर्धारित राशि 60 दिनों के भीतर जमा करनी होगी। तय समय सीमा के बाद भुगतान होने पर 12 प्रतिशत ब्याज देना पड़ेगा। पूरी राशि जमा होने के बाद ही भूखंड का कब्जा और अंतिम आवंटन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
