बीकानेर स्थित महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय ने अपने नाम, लोगो और पहचान का गलत इस्तेमाल कर चलाए जा रहे अनधिकृत सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सार्वजनिक सूचना जारी कर ऐसे सभी फर्जी पेज, चैनल और अकाउंट संचालकों को 15 दिनों के भीतर उन्हें बंद या डिलीट करने के निर्देश दिए हैं। तय समय सीमा के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, टेलीग्राम, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, व्हाट्सएप और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म्स पर विश्वविद्यालय के नाम और लोगो से मिलते-जुलते कई अकाउंट संचालित किए जा रहे हैं, जिन्हें किसी प्रकार की आधिकारिक अनुमति नहीं दी गई है।
प्रशासन ने कहा कि इन फर्जी खातों के जरिए भ्रामक जानकारी फैलाकर विद्यार्थियों और आम लोगों के साथ धोखाधड़ी या आर्थिक ठगी की आशंका बनी रहती है। इससे विश्वविद्यालय की साख प्रभावित होने के साथ विद्यार्थियों के हितों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि जो भी व्यक्ति या संस्था बिना लिखित अनुमति विश्वविद्यालय के नाम, लोगो या पहचान चिह्न का उपयोग कर सोशल मीडिया अकाउंट चला रही है, वह 15 दिनों के भीतर ऐसे सभी प्लेटफॉर्म्स को बंद कर दे, अन्यथा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
