बीकानेर के गंगाशहर क्षेत्र में स्थित एक पापड़ फैक्ट्री में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में लगी डीजल भट्टी से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तीव्रता को देखते हुए मौके पर तीन दमकल वाहनों को लगाया गया। वहीं अतिरिक्त पानी की जरूरत पड़ने पर कई पानी के टैंकर भी बुलाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ हिमांशु शर्मा मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के कार्य की निगरानी की। इसके अलावा भाजपा नेता प्रकाश मेघवाल भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया।
दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आग आसपास के क्षेत्रों तक न फैले। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती तौर पर डीजल भट्टी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
- Advertisement -
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहत की बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई थी।
