बीकानेर में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू का असर अब आमजन के साथ स्वास्थ्यकर्मियों पर भी दिखाई देने लगा है। लोगों को लू से बचाव के प्रति जागरूक करने वाले डॉ. पुखराज साध खुद हीटवेव की चपेट में आ गए, जिसके बाद उन्हें पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार डॉ. साध को तेज बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर पीबीएम अस्पताल के डायबिटीज सेंटर में भर्ती किया गया। उनका उपचार वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुरेंद्र वर्मा की निगरानी में चल रहा है।
डॉ. सुरेंद्र वर्मा के मुताबिक, डॉ. पुखराज साध पिछले कई दिनों से लगातार ग्रामीण इलाकों का दौरा कर लोगों को लू से बचाव के उपाय बता रहे थे। इसी दौरान वे हीटवेव की चपेट में आ गए, जिससे उनका तापमान 106 डिग्री तक पहुंच गया। इसके साथ ही उन्हें उल्टी और दस्त की परेशानी भी शुरू हो गई।
चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनका इलाज जारी है और स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। वहीं, डॉक्टरों ने यह आशंका भी जताई है कि दूषित पानी या फूड पॉइजनिंग के कारण भी उनकी तबीयत बिगड़ी हो सकती है।
- Advertisement -
परिजनों ने बताया कि सुबह अचानक उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई और कुछ ही देर में हालत गंभीर हो गई। इसके बाद तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
