भीषण गर्मी के बीच पीबीएम हॉस्पिटल स्थित आनंदम विश्राम स्थल में मरीजों के परिजनों के लिए सेवा कार्य का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 1000 पैकेट ठंडी लस्सी वितरित कर लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
समाजसेवी वेद व्यास ने बताया कि अस्पताल में अपने मरीजों की देखभाल के लिए दिन-रात ठहरने वाले परिजनों को इस तरह की सेवा से काफी राहत मिलती है। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को प्रेमपूर्वक ठंडी लस्सी बांटी गई, जिससे भीषण गर्मी में उन्हें राहत महसूस हुई।
सेवा कार्य से जुड़े लोगों ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और इसी उद्देश्य से जरूरतमंदों की सहायता के प्रयास लगातार जारी हैं। आनंदम विश्राम स्थल में ठहरे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में इस प्रकार की सेवा आत्मीयता और अपनापन महसूस कराती है।
कार्यक्रम के दौरान सेवा और सहयोग की भावना साफ दिखाई दी। आयोजन को सफल बनाने में कई समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया। इस मौके पर रौनक पुरोहित, मनीष सोलंकी, ऋषि पारीक, निरंजन व्यास सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे।
