बीकानेर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह अभियान आईजी ओमप्रकाश और एसपी मुदृल कच्छावा के निर्देशन में यातायात प्रभारी नरेश निर्वाण के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में सड़क किनारे खड़े रेहड़ी-ठेले, हाथगाड़े और अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाया। साथ ही दुकानों के बाहर रखे सामान को भी हटाने की कार्रवाई की गई, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
पुलिस ने केईएम रोड, म्यूजियम सर्किल, सार्दुलसिंह सर्किल, हल्दीराम प्याऊ क्षेत्र सहित कई प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की। इसके अलावा भीमसेन सर्किल से करमीसर तिराहे तक, अंबेडकर सर्किल और जूनागढ़ क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया।
यातायात पुलिस ने इस दौरान लोगों को समझाइश करते हुए निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की। साथ ही बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने दिनभर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।
- Advertisement -
अभियान में यातायात प्रभारी नरेश कुमार के साथ कानाराम, रामगोपाल, मोहनलाल, रामकेश, यशवीर और प्रदीप सिंह सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
यातायात पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लोग स्वयं अतिक्रमण हटाएं और नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
