बीकानेर में 9 और 10 मई को आयोजित होने वाली प्रयोगशाला सहायक और कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। परीक्षा कार्य में नियुक्त वीक्षकों और अन्य कार्मिकों के अनुपस्थित रहने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रमेश देव ने बताया कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा शनिवार और रविवार को प्रयोगशाला सहायक (भूगोल) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 तथा प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक (विज्ञान) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। इसके लिए विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों से शिक्षकों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी वीक्षक के रूप में लगाई गई है।
प्रशासन के अनुसार कई परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त कार्मिक अन्य कार्यों का हवाला देकर परीक्षा ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं। इससे परीक्षा संचालन में गंभीर परेशानी उत्पन्न होने की आशंका है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने सभी नियंत्रण अधिकारियों और प्राचार्यों को निर्देश जारी कर परीक्षा कार्य में लगे कार्मिकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।
रमेश देव ने स्पष्ट किया कि परीक्षा ड्यूटी में अनुपस्थित रहना परीक्षा कार्य में बाधा उत्पन्न करने के समान माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित कार्मिकों और नियंत्रण अधिकारियों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
प्रशासन ने परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने और भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने में सहयोग की अपील की है।
