बीकानेर में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच अब पुलिसकर्मी भी बदमाशों के निशाने पर आ गए हैं। खाजूवाला थाने में तैनात कांस्टेबल मुकेश कुमार के घर दो महीने के भीतर दूसरी बार चोरी की वारदात सामने आई है। लगातार दूसरी घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार ढोला मारू होटल के सामने स्थित सरकारी क्वार्टर नंबर-27 में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। घटना 5 मई को सुबह करीब 8 बजे से शाम 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे और क्वार्टर बंद था।
पीड़ित कांस्टेबल मुकेश कुमार ने सदर पुलिस थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट के अनुसार चोर क्वार्टर में घुसकर एक सोने का नाक का कोका और करीब 5 से 6 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले 22 मार्च को खाजूवाला स्थित मुकेश कुमार के मकान में भी बड़ी चोरी हुई थी। उस दौरान चोर ताले तोड़कर करीब 30 तोला सोना, 40 तोला चांदी और नकदी सहित लगभग 50 लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए थे। हालांकि डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
- Advertisement -
लगातार दूसरी बार चोरी की घटना होने से मुकेश कुमार और उनका परिवार मानसिक तनाव में है। उन्होंने आशंका जताई है कि कोई व्यक्ति जानबूझकर उन्हें और उनके परिवार को निशाना बना रहा है। उन्होंने मामले की गहन जांच और विशेष टीम गठित करने की मांग की है।
घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि जब पुलिसकर्मी के घर सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
