बीकानेर जिले की खाजूवाला पुलिस ने स्कूटी में हेरोइन की खेप ले जाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पहले ही बड़ी मात्रा में अवैध हेरोइन बरामद की थी। मामले की जांच के बाद अब आरोपी को स्वस्थ होने पर औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई एसपी मुदृल कच्छावा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और सीओ अमरजीत चावला के सुपरविजन में खाजूवाला थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत की टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल को आरोपी खेताराम स्कूटी से हेरोइन की खेप लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका एक्सीडेंट हो गया, जिससे वह स्कूटी सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी से करीब 13.576 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान जयपुर से भी एक गिरफ्तारी की गई थी। वहीं आरोपी खेताराम हादसे में घायल होने के कारण उपचाराधीन था। अब स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
- Advertisement -
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय तस्करों के संपर्क में था। पुलिस के अनुसार खेताराम पाकिस्तान बॉर्डर पार से ड्रोन के जरिए मंगवाए गए नशीले पदार्थों को आगे सप्लाई करने का काम करता था। बताया जा रहा है कि आरोपी यह खेप राकेश कुमार नामक व्यक्ति तक पहुंचाने वाला था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह का संबंध सीमा पार संचालित ड्रग तस्करी नेटवर्क से कितना गहरा है।
