बीकानेर की पांच वर्षीय प्रतिभाशाली बालिका महान्या सिंह राजपुरोहित ने अपनी अद्भुत प्रतिभा और असाधारण याददाश्त से नया इतिहास रच दिया है। महज 5 साल की उम्र में महान्या ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करवाकर बीकानेर और राजस्थान का गौरव बढ़ाया है।
भाजपा नेता गुमान सिंह Rajpurohit की पौत्री महान्या ने रिकॉर्ड बनाते हुए ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने मात्र 6 मिनट 18 सेकंड में लगातार 50 कार्टव्हील किए। खास बात यह रही कि इस दौरान वह स्क्रीन पर दिखाए जा रहे विभिन्न देशों के झंडों की पहचान भी करती रहीं।
इतना ही नहीं, हर देश का नाम बताते हुए उन्होंने उसकी राजधानी और वहां स्थित यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट की जानकारी भी सटीक रूप से दी। शारीरिक संतुलन और मानसिक क्षमता का यह अद्भुत संगम देखकर निर्णायक मंडल भी प्रभावित हो गया।
महान्या केवल जिम्नास्टिक में ही नहीं, बल्कि तीरंदाजी में भी प्रशिक्षित हैं। इसके साथ ही इतनी कम उम्र में उन्होंने लेखन के क्षेत्र में भी कदम रखा है। उनकी पहली पुस्तक “महान्या- द वारियर ऑन द मैट” हाल ही में प्रकाशित हुई है। यह पुस्तक बच्चों को साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के लिए प्रेरित करती है।
- Advertisement -
महान्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार ने घर में अभ्यास की पूरी व्यवस्था की और पेशेवर प्रशिक्षण भी उपलब्ध करवाया। महान्या ने भविष्य में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करवाकर भारत का तिरंगा लहराने का लक्ष्य बताया।
महान्या की इस उपलब्धि के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी माता प्रतिभा सिंह और पिता पुष्पेंद्र सिंह राजपुरोहित सहित पूरे समाज और शहरवासियों ने उन्हें बधाई दी है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस नन्ही प्रतिभा की जमकर सराहना कर रहे हैं।
