बीकानेर। शहर में स्पा सेंटर और कैफे की आड़ में चल रही अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। कोटगेट थाना क्षेत्र में पिछले चार महीनों के दौरान 13 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 50 से अधिक युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार शहर के कई इलाकों में स्पा और कैफे के नाम पर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जहां बाहर केवल बोर्ड लगे होते थे जबकि अंदर अनैतिक काम करवाया जाता था।
जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में इस तरह के मामलों में तेजी आई है। दूसरे राज्यों और जिलों से युवतियों को बुलाकर इन स्थानों पर लगाया जा रहा था। हाल ही में हुई कार्रवाई में पुलिस को कई जगह गुप्त केबिन और विशेष रूप से तैयार किए गए कमरे मिले, जिन्हें सामान्य तौर पर पहचान पाना मुश्किल था। पुलिस से बचने के लिए बाहर निगरानी कैमरे भी लगाए गए थे।
कोटगेट पुलिस ने जनवरी से अब तक रानीबाजार, मॉडर्न मार्केट, मालगोदाम रोड और केजी कॉम्प्लेक्स के आसपास संचालित कई स्पा और कैफे पर कार्रवाई की। मौके पर मिले लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया तथा अवैध रूप से बनाए गए गुप्त केबिन भी हटाए गए।
