बीकानेर में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था और इसके बाद करीब 1230 किलोमीटर दूर फरार हो गया था। पुलिस ने लगातार चार दिनों तक उसका पीछा कर आखिरकार उसे पकड़ लिया।
यह मामला 30 अप्रैल का है, जब टेचरी फांटा क्षेत्र स्थित रोही किशनायत के एक फार्म हाउस के कुएं से बदबू आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कुएं से एक महिला का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान 25 वर्षीय अंशु के रूप में हुई। प्रारंभ में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई, लेकिन बाद में मामला हत्या का निकला और संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी छोटू कुमार, समस्तीपुर का निवासी और मृतका का पति है। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और महिला अलग रह रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अंशु को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर 14 अप्रैल को उसकी हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया। वारदात के बाद वह मृतका की बच्ची को साथ लेकर फरार हो गया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और सिम कार्ड फेंक दिया। इसके बाद वह जयपुर, अहमदाबाद, सूरत और मुंबई जैसे शहरों में ठिकाने बदलता रहा और अंत में बिहार पहुंच गया।
- Advertisement -
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी का पीछा जारी रखा। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। आखिरकार उसे समस्तीपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
