बीकानेर के जस्सूसर गेट स्थित पारीक मोहल्ला इन दिनों गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। पिछले चार दिनों से इलाके में पानी की भारी कमी बनी हुई है, वहीं सप्लाई में सीवरेज मिला दूषित पानी आने से स्थिति और खराब हो गई है। गंदे पानी के कारण लोगों में उल्टी, पेट दर्द जैसी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ने लगी हैं।
स्थानीय लोगों को मजबूरी में महंगे दामों पर टैंकर से पानी खरीदना पड़ रहा है। निवासियों का कहना है कि समस्या के समाधान को लेकर संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। नयाशहर टंकी और नत्थूसर क्षेत्र के अधिकारी आपसी तालमेल की कमी के चलते आरोप-प्रत्यारोप में उलझे हुए हैं, जिससे समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।
शिकायत मिलने के बाद जिला कलेक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पहले से ही नहरबंदी के कारण एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई हो रही थी, ऐसे में दूषित पानी ने हालात और गंभीर बना दिए हैं।
स्थानीय निवासी महेश पारीक के अनुसार, पिछले चार दिनों से नलों में बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत खराब हो रही है। लोगों को 800-900 रुपये खर्च कर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
- Advertisement -
यह समस्या केवल नहरबंदी तक सीमित नहीं है, बल्कि विभागों के बीच समन्वय की कमी और पेयजल व सीवरेज लाइनों की नियमित निगरानी व समय पर मरम्मत न होने के कारण स्थिति और बिगड़ रही है।
