बीकानेर में जूनागढ़ किले के पीछे स्थित हेड पोस्ट ऑफिस को बुधवार दोपहर एक बार फिर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।
करीब 12 बजे मिले धमकी भरे ईमेल में परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही तुरंत पोस्ट ऑफिस को खाली कराया गया और सभी कर्मचारियों व आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी हेड पोस्ट ऑफिस को तीन बार ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। इसी दिन सुबह बीकानेर कलेक्ट्रेट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसमें 16 बम लगाए जाने का दावा किया गया था।
- Advertisement -
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हुई हैं और साइबर टीम ईमेल स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
