बीकानेर की अनाज मंडी में लाखों रुपए के अनाज की चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में बीछवाल पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता जयदयाल डूडी ने आरोप लगाया कि सर्वोदय बस्ती निवासी मोहित, भुट्टों का बास निवासी समीर और मुक्ताप्रसाद क्षेत्र निवासी राहुल ने मिलकर मंडी परिसर से अनाज की चोरी की। बताया गया कि इन तीनों को स्थानीय लोगों ने मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। प्रारंभ में पुलिस ने इन्हें शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया, लेकिन अब चोरी के मामले में भी पूछताछ की जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार, 20 अप्रैल से 3 मई के बीच आरोपियों ने विभिन्न फर्मों से करीब ढाई लाख रुपए मूल्य के सरसों, गेहूं और अन्य अनाज के कट्टे चुरा लिए। मामले की जांच एसआई सुशीला को सौंपी गई है।
इसके अलावा, इसी थाने में एक और चोरी का मामला दर्ज हुआ है। पनपालसर निवासी विक्रम सिंह ने आरोप लगाया कि बीकानेर के दो व्यक्तियों ने उसके सरसों के 17 कट्टे चोरी कर लिए। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
