बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में गोल्ड लोन के बदले गिरवी रखे गए जेवरात बिना सूचना और सहमति के बेचने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर IIFL Finance की जस्सूसर गेट स्थित शाखा और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
परिवादी मुजफर अली ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में पत्नी के सोने के जेवर गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया गया था, जिसे बाद में 2023 में बढ़ाकर दिया गया। आर्थिक तंगी के कारण किस्तें समय पर जमा नहीं हो सकीं, जिसके बाद जेवर बेच दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई नोटिस नहीं दिया गया और बिना सहमति जेवर बेचकर आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। पहले शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद अदालत के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जांच एएसआई कृष्ण कुमार को सौंपी गई है।
