बीकानेर जिले के कोलायत क्षेत्र के डेह गांव में क्ले और बजरी की चार खानों का आवंटन नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। इन खनन पट्टों से 2 से 3 करोड़ रुपए से अधिक राजस्व मिलने की संभावना जताई जा रही है।
भू वैज्ञानिकों ने फरवरी माह में यहां बॉल क्ले, बजरी, सिलिका सैंड और मुर्रम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता की पुष्टि करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। इसके बाद संबंधित क्षेत्र का सर्वे कर चार अलग-अलग प्लॉट चिन्हित किए गए और मार्च में खनन निदेशालय को नीलामी के प्रस्ताव भेजे गए।
निदेशालय की स्वीकृति के बाद इन प्लॉट्स के लिए निविदा जारी कर दी गई है। 11 से 12 मई तक बोली प्रक्रिया चलेगी, जिसमें सबसे अधिक बोली लगाने वाले को खनन अधिकार दिए जाएंगे और इसके बाद एलओआई (Letter of Intent) जारी किया जाएगा।
इन चारों प्लॉट्स के आवंटन से न केवल सरकार को अच्छा राजस्व मिलेगा, बल्कि खनन कार्य शुरू होने पर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही खनन विभाग को नियमित रूप से रॉयल्टी प्राप्त होगी।
- Advertisement -
उल्लेखनीय है कि कोलायत क्षेत्र क्ले और बजरी के बड़े भंडार के लिए जाना जाता है, जहां देश का लगभग 80 प्रतिशत क्ले उपलब्ध है। यहां से क्ले देश-विदेश में भेजा जाता है, जिसका उपयोग सिरेमिक उत्पादों के निर्माण में किया जाता है।
