बीकानेर पश्चिम क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक जेठानंद व्यास ने रविवार को जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बजट घोषणाओं और लंबित विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।
विधायक ने मुख्यमंत्री को बीकानेर पश्चिम क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं का फीडबैक देते हुए कहा कि कई महत्वपूर्ण घोषणाएं अभी भी पूर्ण क्रियान्वयन की प्रतीक्षा में हैं। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए इन योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट स्वीकृत करने और उन्हें प्राथमिकता से पूरा करवाने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान जिला अस्पताल और देवस्थान विभाग से जुड़ी योजनाओं पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। विधायक ने इन क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार और बेहतर प्रबंधन की जरूरत पर जोर दिया, ताकि आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने बीकानेर पश्चिम के दोनों राजकीय महाविद्यालयों में संसाधनों और स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए मैनपॉवर और इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाना जरूरी है।
- Advertisement -
इसके अलावा शहरी क्षेत्र की सड़कों की स्थिति सुधारने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने की मांग भी रखी गई। यातायात से जुड़ी समस्याओं को लेकर कोटगेट और सांखला रेलवे फाटकों के समाधान हेतु अतिरिक्त बजट स्वीकृति पर विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि यदि इन योजनाओं पर तेजी से काम किया जाए तो बीकानेर पश्चिम में बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने भी सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया है।
