बीकानेर में परिवारों को आपस में जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई पहल “रिश्तों की राह: दो कदम अपनों के संग” के तहत तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा कार्यक्रम का आधिकारिक लोगो लॉन्च किया गया और आयोजन की थीम पर विस्तार से चर्चा की गई।
लोगो का विमोचन विमर्शानंद जी महाराज और रवि शेखर मेघवाल की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान उन्होंने डिजिटल युग में परिवारों को एक मंच पर लाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए इस पहल को सराहनीय बताया।
फाउंडेशन की टीम ने इस अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का संकल्प लिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें। इस अवसर पर टीम के सदस्य प्रेक्षा गहलोत, साक्षी राठौड़, कुसुम, निशा सहारण, रुद्राक्ष और हिताशा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के पोस्टर का भी विमोचन किया गया और जिला परिषद सीईओ शैलजा पांडे, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पालचिनामी, जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष सहित अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए भागीदारी की सहमति दी।
- Advertisement -
फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि उनकी टीम के युवा सदस्य पूरे उत्साह के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने इसे समाज में आपसी जुड़ाव बढ़ाने का एक सशक्त प्रयास बताया।
स्वास्थ्य क्षेत्र से भी इस पहल को समर्थन मिल रहा है। केपीजी फिजियोथेरेपी ग्रुप ने सहयोगी के रूप में जुड़ते हुए प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया है।
यह कार्यक्रम 15 मई को बीकानेर के भ्रमण पथ पर आयोजित किया जाएगा, जो सामाजिक एकता, पारिवारिक संबंधों और फिटनेस को बढ़ावा देने का एक प्रेरक मंच बनेगा।
