बीकानेर स्थित ज्ञान विधि पीजी महाविद्यालय की छात्राओं ने विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर द्वारा जारी सत्र 2022-23, 2023-24 और 2024-25 की एलएलबी (तीन वर्षीय) एवं एलएलएम (दो वर्षीय) परीक्षाओं की राज्य स्तरीय मेरिट सूची में कॉलेज की छात्राओं ने महत्वपूर्ण स्थान हासिल किए हैं।
महाविद्यालय की छात्रा वत्सला गौड़ ने एलएलएम सत्र 2023-24 में तृतीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। वहीं हर्षिता शर्मा ने एलएलबी तृतीय वर्ष (2024-25) की परीक्षा में आठवां स्थान प्राप्त कर कॉलेज की शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाया।
इन उपलब्धियों पर महाविद्यालय प्रबंध समिति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
प्राचार्य डॉ. बी.एल. बिश्नोई ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि वे आगे भी संस्थान, समाज और देश का नाम रोशन करेंगी।
- Advertisement -
इस अवसर पर प्रबंध समिति ने यह भी घोषणा की कि दोनों छात्राओं की उपलब्धि को सम्मान देने के लिए परिसर में उनके नाम पर पौधे लगाए जाएंगे, जो उनकी सफलता का प्रतीक होंगे।
