बीकानेर में औद्योगिक क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी चिंता जाहिर की। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर निशांत जैन से मुलाकात कर शोभासर-बदरासर औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक और व्यावसायिक इकाइयाँ संचालित हो रही हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से इन समस्याओं का समाधान नहीं होने से उद्योगपतियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बैठक में जल आपूर्ति की अनियमितता, स्ट्रीट लाइट की कमी, बिजली की बार-बार ट्रिपिंग, बैंकिंग सुविधाओं का अभाव और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र नहीं होने जैसे अहम मुद्दों को उठाया गया। इसके अलावा हाई वोल्टेज लाइनों के नीचे पेड़ों के कारण बिजली बाधित होने की समस्या भी सामने रखी गई, जिससे उत्पादन कार्य प्रभावित होता है।
व्यापार मंडल ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED), विद्युत विभाग, नगर निगम, वन विभाग, बैंकिंग संस्थानों और चिकित्सा विभाग को निर्देश जारी कर जल्द समाधान की मांग की।
- Advertisement -
जिला कलेक्टर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि औद्योगिक क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता से कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान शोभासर-बदरासर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मेघाराम गोदारा, सचिव विमल चांडक, उपाध्यक्ष संदीप बुडानिया, कोषाध्यक्ष दामोदर माहेश्वरी और सह सचिव लालचंद खीचड़ भी उपस्थित रहे। व्यापार मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के सहयोग से जल्द ही क्षेत्र की समस्याओं का समाधान होगा और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
