बीकानेर रेल मंडल के सादुलपुर से दूधवा खारा तक नए दोहरीकृत रेलखंड पर अब ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने जा रही है। रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिमी परिमंडल) ई. श्रीनिवास ने विस्तृत निरीक्षण और सफल स्पीड ट्रायल के बाद इस सेक्शन पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ट्रेन संचालन की अनुमति दे दी है।
मंगलवार को हुए निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के साथ डोकवा से सादुलपुर तक ट्रैक का गहन निरीक्षण किया। स्वचालित मोटर ट्रॉली के माध्यम से ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नलिंग, दूरसंचार व्यवस्था, ओवरहेड उपकरण और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।
इसके बाद सादुलपुर से दूधवा खारा तक विशेष निरीक्षण ट्रेन के जरिए स्पीड ट्रायल किया गया, जिसमें 121 किमी प्रति घंटे की गति से सफल परीक्षण हुआ। इसके आधार पर इस रेलखंड पर 100 किमी प्रति घंटे की गति से ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दी गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पहले रतनगढ़ से दूधवा खारा तक 71 किलोमीटर रेलमार्ग दोहरीकृत था, जबकि अब दूधवा खारा से सादुलपुर तक 29 किलोमीटर के नए ट्रैक के जुड़ने से पूरा सेक्शन अधिक सुगम और सक्षम हो गया है। इससे ट्रेन संचालन बेहतर होगा और यात्रियों का समय भी बचेगा।
