बीकानेर सहित पूरे राज्य में पीएम श्री स्कूलों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 4332 पदों के लिए शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों से 29 से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इन पदों में प्राचार्य से लेकर प्रयोगशाला सहायक तक विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं।
रिक्तियों में सबसे अधिक 1788 पद विभिन्न विषयों के व्याख्याताओं और 1053 पद वरिष्ठ अध्यापकों के हैं। इच्छुक शिक्षक पीएम श्री महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों को छोड़कर अन्य पीएम श्री स्कूलों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया में शिक्षक अधिकतम पांच स्कूलों का चयन कर सकेंगे। प्राचार्य स्तर के उम्मीदवार दो जिलों के स्कूल चुन सकते हैं, जबकि वरिष्ठ अध्यापक संबंधित मंडल के दो जिलों और तृतीय श्रेणी शिक्षक अपने ही जिले के स्कूलों के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए न्यूनतम 5 वर्ष का अनुभव अनिवार्य रखा गया है।
