बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस गैंग से जुड़े एक सक्रिय गुर्गे को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी मध्यप्रदेश में दर्ज 10 करोड़ रुपये की फिरौती के मामले में मुख्य भूमिका निभा रहा था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी दुर्गेश सोनी (20) फड़ बाजार क्षेत्र का निवासी है। जांच में सामने आया कि वह गैंग के लिए शूटरों की व्यवस्था करता था और फिरौती की रकम के लेन-देन को संभालता था। इस मामले में मध्यप्रदेश पुलिस पहले ही केस दर्ज कर चुकी थी और आरोपी पर इनाम भी घोषित किया गया था।
बीकानेर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस के सहयोग से विशेष टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद 28 अप्रैल को उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो अवैध देशी पिस्टल भी बरामद हुईं, जिसके चलते आर्म्स एक्ट में अलग मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है और जेल के दौरान ही उसका संपर्क गैंग से हुआ था। इसके बाद वह संगठित अपराध में सक्रिय हो गया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है, जिसमें गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
- Advertisement -
इस मामले में पहले भी एक नाबालिग को जयपुर सुधार गृह से हिरासत में लिया गया था। इसके अलावा एक अन्य आरोपी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। अब आगे की कार्रवाई मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा की जाएगी।
कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई, जिनमें एएसआई सुखलाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
