बीकानेर शहर की बिगड़ी सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम ने नई कार्ययोजना लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत शहर के सभी 80 वार्डों में कचरा संग्रहण की सख्त निगरानी की जाएगी और लापरवाही करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। अगले 10 दिनों में प्रमुख स्थानों की पहचान कर विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।
नई व्यवस्था के अनुसार हर वार्ड में सुबह और शाम ट्रैक्टर ट्रॉली की एक-एक अनिवार्य फेरी होगी, जिसकी जिम्मेदारी वार्ड जमादार पर होगी। घर-घर से कचरा उठान सुनिश्चित करने के साथ डम्पिंग यार्ड में कचरे का वजन किया जाएगा। यदि निर्धारित क्षमता से कम वजन पाया गया तो संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
इसके अलावा ऑटो टिपर और अन्य वाहनों की निगरानी वीटीएस रिपोर्ट से की जाएगी। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण गाड़ियां रोजाना सुबह 7 से 10 बजे और शाम 4 से 7 बजे तक संचालित होंगी। जेसीबी और रोड स्वीपर को 8 घंटे तक चलाना अनिवार्य रहेगा। कर्मचारियों की उपस्थिति ऐप के जरिए ग्रुप फोटो के साथ दर्ज की जाएगी और डम्पिंग यार्ड के बंद कैमरों को 24 घंटे में चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।
आने वाले दिनों में 50-50 कर्मचारियों की टीम बनाकर शहर के 40 से 50 प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक मुक्त शहर के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई तेज की जाएगी। व्यावसायिक क्षेत्रों में नाइट स्वीपिंग शुरू करने और नालियों की सफाई के बाद सिल्ट को तुरंत हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
