बीकानेर में मौसम ने मिलाजुला रूप दिखाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि और शहर में हल्की बारिश ने कुछ समय के लिए ठंडक का एहसास कराया, लेकिन तेज गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बना रहा।
पिछले 24 घंटों में रात के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को जहां न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री था, वहीं मंगलवार को यह घटकर 26.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। हालांकि 1.6 डिग्री की यह कमी ज्यादा राहत नहीं दे सकी, क्योंकि दिन की गर्मी और हवा में नमी के कारण रात में भी उमस बनी रही।
मौसम विभाग के अनुसार बीकानेरवासियों को जल्द राहत मिल सकती है। अनुमान है कि 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इससे तापमान करीब 40 डिग्री तक आ सकता है, जो हाल के दिनों की भीषण गर्मी से कुछ राहत देगा।
