बीकानेर में लीज राशि पूरी तरह जमा करवाने के बावजूद पट्टा जारी नहीं होने का मामला सामने आया है। गंगाशहर स्थित सूर्य नगर कॉलोनी की निवासी लीला देवी अग्रवाल ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि उन्होंने बीडीए से आवंटित क्वार्टर ए-64 के लिए पट्टा जारी करवाने हेतु आवेदन किया था और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं। साथ ही, उन्होंने लीज राशि और सभी किश्तें ब्याज सहित 21 नवंबर 2025 को चालान के माध्यम से जमा करवा दी थीं।
लीला देवी का आरोप है कि उनके पड़ोसी को उसी समय राशि जमा करने के बाद पट्टा जारी कर दिया गया, लेकिन उनका मामला अब तक लंबित है। उन्होंने कहा कि विभाग के कर्मचारी और विधि सलाहकार बार-बार नए कारण बताकर प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं।
पीड़िता ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द उनका पट्टा जारी करने के निर्देश दिए जाएं।
