बीकानेर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सोमवार को उच्च स्तर पर नाराजगी देखने को मिली, जब विभाग के प्रमुख शासन सचिव ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो संबंधित कर्मचारियों को निलंबित किया जा सकता है।
दरअसल, डीएलबी के प्रमुख सचिव रवि जैन ने संभाग के निकाय अधिकारियों की बैठक लेने से पहले शहर का दौरा किया। हालांकि निगम प्रशासन ने उनके निर्धारित मार्ग को साफ-सुथरा कर विशेष तैयारी की थी, लेकिन जैन ने अलग रास्तों से शहर का निरीक्षण किया और वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था को बेहद खराब पाया। नालियां पॉलीथिन से भरी मिलीं और कचरा प्रबंधन में लापरवाही सामने आई। उन्होंने यह भी कहा कि टिपर गाड़ियां घरों तक नहीं जा रहीं और केवल गोबर भरकर वजन के आधार पर भुगतान लिया जा रहा है।
बैठक में उन्होंने निगम आयुक्त से सख्त लहजे में कहा कि अधिकारी फील्ड में जाकर काम की निगरानी करें और आधा दिन मौके पर ही बिताएं। साथ ही, सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
