बीकानेर में 100 करोड़ से अधिक लागत से बनी नई मेडिसिन विंग को हैंडओवर लेने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। इस संबंध में गठित कमेटी की पहली बैठक में नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए गए। जिला मुख्य नर्सिंग अधीक्षक को मैट्रन, सुपरवाइजर और नर्सिंग स्टाफ तैनात करने के लिए कहा गया है, वहीं स्टोर इंचार्ज को विंग में मौजूद सभी सामान की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही पीबीएम हॉस्पिटल के पीबीएक्स से कनेक्टिविटी और सीसीटीवी कैमरों को चालू करने पर भी सहमति बन गई है। इन सभी कार्यों को तीन दिन के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पीबीएम अधीक्षक कार्यालय में सुबह करीब 11 बजे मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. परमेंद्र सिरोही की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें नर्सिंग, आईटी, ईएमडी, पीडब्ल्यूडी, स्टोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को हैंडओवर प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
बैठक में नई बिल्डिंग में उपलब्ध बेड, फर्नीचर और अन्य संसाधनों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नर्सिंग ऑफिसरों की सूची बनाकर आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
- Advertisement -
बताया गया कि हैंडओवर की प्रक्रिया इसी सप्ताह पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद मेडिसिन वार्ड को नई विंग में शिफ्ट किया जाएगा, जिसके लिए अलग कमेटी बनाई जाएगी। इस दौरान मरीजों के स्थानांतरण के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था की जाएगी।
