बीकानेर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और 23 से 25 मई तक जयपुर में होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के प्रचार के लिए 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान की शुरुआत मंगलवार को की गई। कलेक्ट्रेट परिसर से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पांचों ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के लिए रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले दिन ये रथ 26 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेंगे।
इस मौके पर खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि यह अभियान किसानों और ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा तथा सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद करेगा। बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने बताया कि इस पहल से ग्रामीणों को योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा और कृषि से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी भी प्राप्त होगी।
श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि किसानों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं, जिससे उनकी आय और जीवन स्तर में सुधार हो सके।
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने बताया कि यह अभियान 15 दिनों तक चलेगा और रथ प्रतिदिन औसतन पांच ग्राम पंचायतों में पहुंचेंगे। रथों के साथ सांस्कृतिक दल भी रहेगा, जो योजनाओं को रोचक तरीके से प्रस्तुत करेगा। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित सामग्री भी वितरित की जाएगी।
- Advertisement -
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि रथों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और प्रत्येक रथ के साथ पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। अभियान के दौरान कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
