बीकानेर के कोटगेट क्षेत्र में एक आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है, जब मारपीट के मामले में आजाद नामक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया था।
थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह के अनुसार, पुलिस आरोपी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर जा रही थी, तभी वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। आरोपी की पहचान आजाद उर्फ कलवा के रूप में हुई है, जिसने क्रीम रंग की टी-शर्ट और काले रंग की लोवर पहन रखी है। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 6 इंच बताई जा रही है और चेहरे पर हल्की दाढ़ी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आरोपी कहीं दिखाई दे तो तुरंत कोटगेट थाने के मोबाइल नंबर 8963055555 या 0151-2226126 पर सूचना दें।
