राजस्थान में बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। अब जिलों के कलेक्टरों को यह अधिकार दिया गया है कि वे स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार स्कूलों के समय में बदलाव कर सकें और आवश्यकता पड़ने पर छुट्टी भी घोषित कर सकें। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी कर दिए हैं, जो सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होंगे।
यह व्यवस्था 16 मई तक प्रभावी रहेगी, यानी ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने से पहले तक कलेक्टर यह निर्णय ले सकेंगे। आदेश जारी करने के लिए कलेक्टर संबंधित जिले के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के साथ समन्वय करेंगे।
गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में पहले ही स्कूलों के समय में बदलाव किया जा चुका है। बीकानेर में कलेक्टर निशांत जैन ने स्कूल समय सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक तय किया है। इसके अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर और चूरू सहित कई जिलों में भी समय बदला गया है। यह फैसला छात्रों को तेज गर्मी और लू से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
