बीकानेर शहर के बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी नहर कॉलोनी में आर्य समाज परिसर के भीतर एक महिला पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और संस्था से जुड़े लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
इस संबंध में वैदिक आर्य समाज न्यास के उपाध्यक्ष सत्यश्रुत उपाध्याय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार 17 अप्रैल की सुबह करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच कुछ लोग जबरन संस्था परिसर में घुस आए। आरोप है कि रणजीत कुमार शास्त्री और रवीन्द्रपाल आर्य के समर्थकों में शामिल एक युवक ने यज्ञशाला के पास पानी भर रही मनीषा उपाध्याय पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
घटना के दौरान महिला के पति ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस हमले से परिसर में दहशत का माहौल बन गया है।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित लोग पहले भी संस्था के ताले तोड़कर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के कारण संस्था से जुड़े लोगों और उनके परिवारों में भय बना हुआ है।
- Advertisement -
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक मंजीत कौर को सौंपी गई है, जो पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं।
