बीकानेर के करणी इंडस्ट्रियल एरिया के पास रेलवे पटरियों पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है, जब लोगों ने एक युवक को ट्रेन से दुर्घटनाग्रस्त हालत में पटरियों पर पड़ा देखा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
घटना की सूचना पर ख़िदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के सदस्य भी एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।
पुलिस की निगरानी में शव को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
