बीकानेर। जलदाय विभाग ने जिलेभर में अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीमों ने अब तक 2,023 अवैध जल संबंधों को विच्छेद करते हुए कई उपभोक्ताओं पर शास्ति (पेनल्टी) लगाने की कार्यवाही पूरी की है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि जिन उपभोक्ताओं ने अब भी पाइपलाइन या राइजिंग मैन से अवैध रूप से कनेक्शन जोड़े हुए हैं, उन्हें तुरंत नियमित करवाएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता ने दिए सख्त निर्देश
जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता खेम चंद सिंगारिया ने सभी अधिशासी, सहायक और कनिष्ठ अभियंताओं को आदेश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की गति तेज करें। उन्होंने कहा कि हर अवैध कनेक्शन को काटना और बकाया राजस्व की वसूली करना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही यदि कार्रवाई के दौरान किसी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो उसकी भरपाई संबंधित उपभोक्ता से कराई जाएगी।
बीकानेर शहर के कई इलाकों में कार्रवाई
विभाग की टीमें पिछले सप्ताह मुरलीधर व्यास कॉलोनी, सर्वोदय बस्ती, चौधरी कॉलोनी, धोबी तलाई, लाल गुफा रोड, जेल रोड, रानी बाजार और भीनासर सहित शहर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय रहीं। इन क्षेत्रों में 27 अवैध जल संबंध विच्छेद किए गए। सिंगारिया ने बताया कि कई उपभोक्ताओं ने राइजिंग मैन से सीधे पाइप जोड़कर जल आपूर्ति का दुरुपयोग किया था, जिन्हें अब बंद कर दिया गया है।
एफआईआर और जुर्माने के निर्देश
अधीक्षण अभियंता ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अवैध जल संबंध बनाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई जाए। साथ ही, जब से अवैध कनेक्शन चालू किया गया, उस अवधि की जल खपत के अनुसार शास्ति राशि वसूली जाएगी।
- Advertisement -
विभाग ने की अपील
विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने अवैध कनेक्शन को नियमित करवाएं ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई या जुर्माने से बचा जा सके। विभाग का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अवैध कनेक्शन को बख्शा नहीं जाएगा।
